गुरुग्राम। सावन माह के तीसरे सोमवार पर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों स्थित मंदिरों, शिवालयों व आश्रमों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दैनिक कार्यों से निवृत होकर प्रात: से ही श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में पहुंचना शुरु हो गए थे। पूजा-अर्चना का कार्यक्रम दिनभर चलता रहा। महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान शिव की स्तुति भी की। शहर के भूतेश्वर, घंटेश्वर, सिद्धेश्वर, गुफावाला मंदिर, सैक्टर 4 के श्रीकृष्ण, सैक्टर 9ए स्थित श्रीगौरी शंकर मंदिर, शिव मंदिर, राम मंदिर, सूर्य विहार का माता वैष्णो देवी मंदिर, गीता भवन, बाबा प्रकाशपुरी आश्रम, अर्जुन नगर के शिव मंदिर, सुदर्शन, प्रेम मंदिर, प्रताप नगर स्थित श्रीराम मंदिर, गढ़ी हरसरु स्थित माता वैष्णो मंदिर, पटौदी क्षेत्र के इंच्छापुरी स्थित शिव मंदिर आदि में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आक, धतूरा, शहद, बेलपत्र, दूध आदि से अभिषेक किया। पंडित मुकेश शर्मा का कहना है कि धार्मिक मान्यता है कि सृष्टि के रचयिता भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से साधक की सभी मनोकामनाएं शीघ्र पूर्ण होती हैं। साथ ही घर में सुख- समृद्धि और खुशहाली आती है।
तीसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं ने की भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना

