NCRअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

ब्रह्माकुमारीज द्वारा भारतीय सुरक्षा बलों के लिए आयोजित 3 दिवसीय कार्यक्रम हुआ संपन्न

गुरुग्राम। धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा जिले के बिलासपुर क्षेत्र स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओआरसी) परिसर में भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के लिए आयोजित 3 दिवसीय कार्यक्रम का समापन हो गया है। मीडिया कॉर्डिनेटर बीके अशोक का कहना है कि कार्यक्रम में पूर्व थलसेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी सहित गणमान्य नागरिक व अधिकारी शामिल हुए। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि आध्यात्मिकता किसी एक दायरे में बंधे होने से परे, सभी धर्मों से ऊपर है। संस्था सर्वधर्म समभाव का एक जीवंत और अनूठा उदाहरण है। उन्होंने आज के डिजिटल युग की चुनौतियों पर बात करते हुए कहा कि आज सूचनाओं की भारी बाढ़ आ चुकी है, जहाँ सही और गलत में फर्क करना कठिन हो गया है। केवल आध्यात्मिकता ही हमें इन सबको परखने की शक्ति देती है। साक्षी भाव में रहकर ही हम बाहरी परिस्थितियों के प्रभाव से मुक्त रह सकते हैं। उन्होंने सलाह दी कि दूसरों को छोटा साबित करने से बेहतर है कि इंसान खुद को बड़ा बनाए। जीवन में स्थिरता, एकांत और चेहरे की एक सच्ची मुस्कान विश्वास की नींव मजबूत करती है। राजयोग की शक्ति को अद्भुत बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके अभ्यास से मन को संतुलित और शक्तिशाली बनाया जा सकता है। ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा ने कहा कि युद्ध केवल सीमाओं पर बाहर ही नहीं लड़ा जाता, बल्कि मनुष्य के भीतर भी निरंतर चलता रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आत्मा के असली शत्रु बाहरी नहीं, बल्कि काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार हैं। राजयोगिनी बीके शुक्ला ने कहा कि सभी के विचारों का सम्मान करना ही सच्ची महानता है। अटूट संकल्प शक्ति से ही असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं और सकारात्मक विचार जीवन में नया उत्साह भरते हैं। प्रेरक वक्ता बीके शिवानी ने कहा कि मौजूदा दौर में शरीर की कसरत के साथ-साथ मन की एक्सरसाइज करना भी उतना ही जरूरी है। जीवन में बदलाव के लिए केवल ज्ञान काफी नहीं, बल्कि आंतरिक शक्ति की भी उतनी ही आवश्यकता होती है। आयोजन को देविका रघुवंशी, हरबीर सिंह, अशोक गाबा, दीपक कपूर, शिव सिंह, बीके सारिका आदि ने संबोधित किया। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने  सेना एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। शिविर में सभी प्रतिभागियों को ज्ञान की बारीकियों और राजयोग का गहरा व्यावहारिक अनुभव कराया गया।