गुरुग्राम। आर्य समाज अर्जुन नगर द्वारा आयोजित 3 दिवसीय यज्ञ एवं आध्यात्मिक दिव्य सत्संग का पूर्णाहुति एवं समापन समारोह रविवार को संपन्न हो गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, आर्यजनों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर वैदिक संस्कृति के प्रति गहरी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्य समाज रामनगर के प्रधान ओम प्रकाश चुटानी ने की, जबकि भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बोधराज सीकरी, नंद गाबा, समाजसेवी अरुण आर्य, सुषमा बुद्धिराजा, निरुपमा पुरी और रितुला पुरी शामिल हुए। समारोह में मुनि शुचिषद वानप्रस्थ, आचार्य संदीप शास्त्री और भजनोपदेशक कुलदीप भास्कर ने अपने प्रेरणादायक प्रवचनों व भजनों से श्रोताओं को वेदों, सदाचार और भारतीय संस्कृति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। जनसमूह ने वैदिक जीवन मूल्यों को अपनाने और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लिया। आर्य समाज अर्जुन नगर के प्रधान आचार्य अरविंद ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए वेदों की ओर लौटें का संदेश दिया। इस दौरान मंत्री श्याम सुंदर आर्य, कोषाध्यक्ष धीरज मनचंदा, महिला इकाई की प्रधान उर्मिला आर्या, भारती शर्मा, मीना मदान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आर्य समाज का 3 दिवसीय यज्ञ एवं आध्यात्मिक सत्संग हुआ संपन्न

