NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

वेलस्पन में मजदूरों की छंटनी पर समझौता वार्ता विफल, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

गुरुग्राम। जिले के औद्योगिक क्षेत्र रोजका मेव स्थित वेलस्पन बीएपीएल में गैर-कानूनी तरीके से निकाले गए मजदूरों के विवाद को लेकर सहायक श्रम आयुक्त पवन कुमार के समक्ष बुलाई गई समझौता वार्ता विफल हो गई। वार्ता में प्रबंधन की ओर से कोई भी अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ। संस्थान गेट पर धरना लगातार जारी है। यूनियन प्रधान सोनू शर्मा ने कहा कि कंपनी प्रबंधन मजदूरों के मुद्दों पर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। श्रम विभाग की ओर से अभी तक ठोस कानूनी कार्रवाई न किए जाने के कारण प्रबंधकों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधकों ने पूर्व में हुए समझौतों की भी पालना नहीं की है। इसके अलावा, सामूहिक मांगपत्र सहायक श्रम आयुक्त नूंह के पास लंबित होने के बावजूद श्रमिकों की छंटनी करना पूरी तरह से अनुचित श्रम अभ्यास है। यूनियन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस मनमानी के खिलाफ मजदूर पीछे नहीं हटेंगे। आगामी रणनीति के तहत यूनियन शुक्रवार को उप श्रमायुक्त से मुलाकात करेगी और इस मामले में जल्द से जल्द उचित समाधान की गुहार लगाएगी। बैठक में एटक के राज्य महासचिव अनिल पवार, राज्य सचिव मनोज कुमार, शोवा यूनियन के अशोक कुमार मुंजाल, वेलस्पन यूनियन के महासचिव रिंकू सहित कई प्रमुख यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में यह संकल्प लिया गया कि मजदूरों के अधिकारों और उनकी बहाली के लिए संघर्ष को और तेज किया जाएगा।