गुरुग्राम। सैक्टर 105 राजेंद्रा पार्क स्थित राजीव गांधी हाई स्कूल परिसर में ब्रह्माकुमारीज के सैक्टर 4 स्थित सेवा केंद्र द्वारा विशेष नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। केंद्र की प्रभारी बीके सुदेश ने बताया कि सेवा केंद्र की बीके सोनिया ने उपस्थित छात्रों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में छात्रों को नशा करने से शरीर, मन और जीवन पर पडऩे वाले भयानक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बीके सोनिया ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें हर प्रकार की बुरी आदतों से दूर रहकर एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। बीके सुदेश ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को सही राह दिखाना और उन्हें नशे की लत से बचाना है। स्कूल प्रशासन और छात्रों ने ब्रह्माकुमारीज की इस पहल की सराहना की।
ब्रह्माकुमारीज ने चलाया नशा मुक्ति अभियान, छात्रों को दिलाई गई शपथ

