गुरुग्राम। सलवान पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस और सत्र 2026-27 का विद्यार्थी परिषद अलंकरण समारोह ध्ूमधाम से मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। छात्रों ने स्वतंत्रता-संग्राम, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता को आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यवाहक प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता जाखड़ का कहना है कि कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यालय के बैंड की सुमधुर धुनों और एनसीसी कैडेट्स की अनुशासित मार्च पास्ट ने समारोह में ऊर्जा का संचार किया। प्राथमिक एवं वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने विभिन्न लोकनृत्यों के माध्यम से अनेकता में एकता की झलक दिखाई। छात्र-छात्राओं ने रैंप वॉक भी किया। उन्होंने बताया कि कक्षा 4 से 11 तक के विद्यार्थियों के नामांकनों के बाद वरिष्ठ शैक्षणिक टीम द्वारा गहन स्क्रीनिंग की गई और अंतिम इंटरव्यू के माध्यम से 31 योग्य प्रतिनिधियों का चयन किया गया। काव्या सिंगला को सीनियर विंग अध्यक्ष व आदृति भट्टाचार्य को जूनियर विंग अध्यक्ष चुना गया। सांस्कृतिक, खेल, पीयर एजुकेशन, मीडिया, पर्यावरण, प्रोजेक्ट्स, नवाचार एवं संपादकीय विभागों के पदाधिकारियों के साथ-साथ चारों हाउसेस के कैप्टन्स, वाइस कैप्टन्स, क्लास रिप्रेजेंटेटिव्स और असिस्टेंट प्रेफेक्ट्स को अलंकृत किया गया। पूर्व छात्र परिषद ने नए पदाधिकारियों को विद्यालय और हाउसेस के ध्वज सौंपे। इसके बाद नई छात्र परिषद ने विद्यालय की मर्यादा, अनुशासन और गौरव को सर्वोपरि रखने की निष्ठापूर्ण शपथ ली। विद्यालय के निदेशक मेजर जनरल सुरिंदर सिंह ने कहा कि छात्र परिषद का पद विशेषाधिकार नहीं, बल्कि अतिरिक्त जिम्मेदारी और सीखने का अवसर है। उन्होंने भारत के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत का उदाहरण देते हुए कहा कि शुरुआती चुनौतियाँ सफलता की अंतिम सीमा तय नहीं करतीं; निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से ही महान लक्ष्य प्राप्त होते हैं। निदेशक ने छात्र परिषद में छात्राओं की लगभग 90 प्रतिशत भागीदारी को ऐतिहासिक और उल्लेखनीय उपलब्धि बताया और इसे महिला सशक्तिकरण व पारिवारिक संस्कारों का सुंदर उदाहरण कहा। समारोह में मातृभूमि की रक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन किया गया तथा स्वतंत्रता के बाद भारत की 80 वर्षों की विकास यात्रा को रेखांकित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक राष्ट्रगान के बाद जय हिंद के उद्घोष के साथ इस गरिमामय आयोजन का समापन हुआ।
स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस एवं अलंकरण समारोह

