NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

जिला अदालत की पुरानी बिल्डिंग में 2 दिनों से बिजली गुल,

गुरुग्राम।जिला अदालत परिसर स्थित पुरानी इमारत में पिछले 2 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प पड़ी हुई है। कोर्ट परिसर के हॉल नंबर 4, 5 और 8 में बिजली न होने के कारण वकीलों, न्यायिक कर्मचारियों और अपने केस के सिलसिले में आने वाले मुवक्किलों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान डिजिटल दौर में अदालती कामकाज का एक बड़ा हिस्सा कंप्यूटर, टाइपिंग और ऑनलाइन प्रक्रियाओं पर निर्भर है। लगातार दो दिनों से लाइट न रहने की वजह से वकील समय पर अपने दावे व जरूरी दस्तावेज टाइप नहीं करा पा रहे हैं। इसके चलते मुवक्किलों के महत्वपूर्ण कानूनी कार्य बीच में ही लटके हुए हैं और उन्हें बिना काम हुए ही वापस लौटना पड़ रहा है। जिला बार के पूर्व उपप्रधान जितेन्द्र कौशिक, पूर्व सचिव अरुण शर्मा, पूर्व सह सचिव राहुल शर्मा, मदान कौशिक, निकिता वर्मा, ठाकुर सुमेर सिंह, एलरीना सेनापति, नीरज वशिष्ठ, अश्वनी शर्मा, अंकुर शर्मा, नेक सिंह और राजकुमार तंवर आदि का कहना है कि सावन और मानसून के इस मौसम में बिजली न होने से स्थिति और अधिक विकट हो गई है। हॉल में भारी उमस और दमघोंटू माहौल के कारण एक पल भी बिताना मुश्किल हो रहा है। अधिवक्ताओं के अनुसार, इस दमघोंटू स्थिति के चलते कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति पैदा होने का खतरा बना हुआ है। अधिवक्ताओं का कहना है कि उन्होंने इस विकराल समस्या से गुरुग्राम बार एसोसिएशन को भी अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस व स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में अदालती परिसर की स्थिति बदतर होती जा रही है। समस्या के जल्द समाधान की माँग को लेकर अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर आवाज उठाई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व प्रशासन से हॉल नंबर 4, 5 और 8 में अविलंब बिजली व्यवस्था सुचारू करने की पुरजोर माँग की है।