NCRNewsUncategorizedWorldअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

ब्रह्माकुमारीज़ ने 880 से अधिक छात्रों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

गुरुग्राम।धार्मिक संस्था ब्रह्कुमारीज के सैक्टर 4 स्थित सेवा केंद्र की प्रभारी बीके सुदेश के दिशा-निर्देशानुसार शीतला माता रोड स्थित स्व. अतुल कटारिया मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सैक्टर 4 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना, किशोर अवस्था की चुनौतियों में सही मार्ग दिखाना तथा उन्हें नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना था। कार्यक्रमों में मुख्य वक्ता के रुप में बीके सुदेश, बीके सोनिया, बीके मुक्ति सिंह शामिल हुई। बीके सोनिया ने नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। सत्र के दौरान छात्रोंं ने अपनी किशोरावस्था से जुड़ी मानसिक व सामाजिक समस्याओं को भी साझा किया, जिस पर बीके सोनिया ने उन्हें बुरी संगति से बचने तथा माता-पिता व शिक्षकों का मार्गदर्शन लेने की प्रेरणा दी। दोनों विद्यालयों को मिलाकर कुल 880 से अधिक छात्रों ने न केवल स्वयं नशे से दूर रहने, बल्कि अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने का दृढ़ संकल्प लिया। यह आयोजन बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक बेहद सराहनीय व महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।