गुरुग्राम। विश्व संवाद केंद्र गुरुग्राम की ओर से रविवार को ब्रह्मांड के आदि संचारक देवर्षि नारद जी की जयंती के उपलक्ष्य में पत्रकार संवाद एवं सम्मान समारोह किया गया। यह कार्यक्रम गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गल्र्स के सेमिनार हॉल में हुआ। इस वर्ष के कार्यक्रम का मुख्य विषय नागरिक कर्तव्य में पत्रकारिता का योगदान रखा गया था, जिसमें राष्ट्र और समाज के निर्माण में मीडिया की भूमिका पर गहरा मंथन किया गया। समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में दादा लाखमी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (सुपवा) रोहतक के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने शिरकत की। हरियाणा गौ-सेवा आयोग के वाइस चेयरमैन पूरन यादव लोहचब मुख्य अतिथि, हरियाणा स्टेट टैक्स बार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट नवीन गुप्ता और प्रसिद्ध उद्योगपति एवं चौथी पीढ़ी के ज्योतिषचार्य पं. आदित्य पारिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य मनीष द्वारा भारत माता के जयघोष और देवर्षि नारद जी की स्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात् कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रोफेसर राकेश कुमार योगी ने दी।डॉ. अमित आर्य ने पत्रकारिता के वर्तमान हालात और चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि आज पत्रकारिता पैशन से प्रोफेशन और अब बिजनेस बन गई है, जो लाभ-हानि से चलती है। उन्होंने पत्रकारों की 24 घंटे और असुरक्षा वाली जॉब की चुनौतियों को उजागर किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सोशल मीडिया और यूट्यूब पर फेक न्यूज के इस दौर में देश और समाज को सही खबर देना ही पत्रकारों का सबसे बड़ा धर्म और नागरिक कर्तव्य है।पूरन यादव लोहचब उन्होंने सभी को नारद जयंती की शुभकामनाएं दीं और पत्रकारों से आह्वान किया कि वे इस बात पर विचार करें कि हम समाज के लिए क्या बेहतर कर सकते हैं और क्या दे सकते हैं। अन्य वक्ताओं ने नागरिक कर्तव्य के साथ-साथ 6जी के संरक्षण पर जोर दिया। गांवों से हो रहे पलायन को रोकने और बॉलीवुड में बनाए जा रहे फेक नैरेटिव के खिलाफ आवाज उठाने की बात भी कही गई। कार्यक्रम में सिविक सेंस, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण पर भी ध्यान आकर्षित किया गया। समारोह के दौरान ए.के. चौहान, अमित नेहरा और अन्य पत्रकारों द्वारा मीडिया कर्मियों के लिए कैशलेस मेडिकल सुविधा की मांग भी मंच पर रखी गई, ताकि आपात स्थिति में पत्रकारों को सहायता मिल सके। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विश्व संवाद केंद्र की टीम द्वारा विभिन्न मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ और युवा पत्रकारों का सम्मान रहा। कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार संजीव आहूजा द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों, आयोजकों और पत्रकारों का धन्यवाद प्रस्ताव किया गया।
देवर्षि नारद जयंती पर विश्व संवाद केंद्र ने किया पत्रकार सम्मान समारोह

