गुरुग्राम। विवेन एआई द्वारा विकसित डिजिटल ट्विन प्लेटफॉर्म ट्विनकैफे पर नोएडा फिल्म सिटी व मारवाह स्टूडियोज के संस्थापक डॉ. संदीप मारवाह और एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन (एएएफटी) के एआई-संचालित डिजिटल ट्विन्स लॉन्च किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य मीडिया, फिल्म निर्माण और रचनात्मक शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. मारवाह के दशकों लंबे अनुभव को दुनिया भर के छात्रों और पेशेवरों तक कभी भी, कहीं भी सुलभ कराना है। डॉ. मारवाह का डिजिटल ट्विन उनके भाषणों, लेखन और अनुभवों पर आधारित है, जो फिल्म निर्माण, मीडिया उद्यमिता और 100 एकड़ में फैली नोएडा फिल्म सिटी की विकास यात्रा पर मार्गदर्शन देगा। वहीं, एएएफटी डिजिटल ट्विन संस्थान के 24&7 मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेगा, जिससे छात्र व अभिभावक बिना इंतजार किए फिल्म, फैशन, डिजाइन पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और करियर विकल्पों की सटीक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। डॉ. संदीप मारवाह ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से हर छात्र से नहीं मिल सकते, लेकिन डिजिटल ट्विन के जरिए वे अब हर युवा रचनाकार के लिए उपलब्ध हैं। इससे एएएफटी के छात्रों को प्लेसमेंट साक्षात्कार की तैयारी और पोर्टफोलियो बेहतर बनाने में भी बड़ी मदद मिलेगी। ट्विनकैफे के संस्थापक एवं सीईओ आशुतोष गर्ग ने कहा कि इस तकनीक से छोटे शहरों के युवा फिल्म निर्माता भी सीधे डॉ. मारवाह के अनुभवों से सीख सकेंगे। कार्यक्रम में ट्विनकैफे के सीनियर ग्रोथ लीडर तरुण सिंघल और विजडमलैब्स एआई इंडिया के प्रबंध निदेशक संदेश गोयल ने भी इसे भारतीय रचनात्मक शिक्षा के भविष्य के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया।
डॉ. संदीप मारवाह और एएएफटी ने ट्विनकैफे पर लॉन्च किए अपने डिजिटल ट्विन्स

