गुरुग्राम। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सेक्टर 4/7 चौक के पास सफाई अभियान चलाया। स्थानीय नागरिकों ने सक्रियता से अभियान में भाग लिया। सेक्टर 3, 5 एवं 6 के पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि सेक्टर 4/7 चौक के पास लोग अक्सर खुले में कूड़ा-कचरा फेंक देते थे, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और चारों ओर गंदगी फैल जाती थी। गांधी और शास्त्री जयंती के पावन पर्व पर संकल्प लेते हुए स्थानीय सहयोग से इस स्थान की विशेष सफाई कराई गई और इसे हमेशा के लिए गंदगी मुक्त कर दिया गया है। सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए यहाँ विशेष लाइटें व सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। साथ ही, नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में खुले में कूड़ा डालने वालों पर कड़े जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है। वशिष्ठ ने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन के अभियान तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा हमें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से पालन करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने आह्वान किया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
गांधी और शास्त्री जयंती पर सफाई अभियान चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश

