गुरुग्राम, एमके अरोड़ा सर्दी के मौसम में खुले आसमान के नीचे रहने वाले जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को सुरक्षित आश्रय एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा रैन बसेरों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त पूजा चांवरिया ने शहर में संचालित रैन बसेरों का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त ने भीम नगर और कन्हई स्थित रैन बसेरों में पूर्ण रूप से सफाई करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि रैन बसेरों में स्वच्छता और बेहतर रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि यहां ठहरने वाले लोगों को साफ-सुथरा और सुरक्षित वातावरण मिल सके। अतिरिक्त आयुक्त पूजा चांवरिया ने सीपीओ द्वारका प्रसाद को निर्देशित किया कि वे संबंधित ब्रांचों से समन्वय स्थापित करके सभी रैन बसेरों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को सम्मानजनक और सुविधाजनक आश्रय मिल सके। अतिरिक्त आयुक्त ने नगर निगम के सभी संयुक्त आयुक्तों को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जोन में स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण करें और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि सभी रैन बसेरों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि सर्दी के मौसम में किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को असुविधा का सामना न करना पड़े। नगर निगम गुरुग्राम का प्रयास है कि सर्दी के मौसम में कोई भी बेसहारा व्यक्ति खुले में रहने को मजबूर न हो। रैन बसेरों में स्वच्छता, आवश्यक सुविधाओं और विशेष जरूरत वाले लोगों की सुविधाओं पर ध्यान देकर निगम जरूरतमंदों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
रैन बसेरों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए एमसीजी गंभीर

