गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में नगर निगम के दावों की पोल खोलती एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। पटौदी चौक से सेक्टर-10 की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग पर रेड क्रॉस सोसायटी और सरकारी स्कूल के आसपास की लगभग 2 दर्जन स्ट्रीट लाइटें पिछले एक हफ्ते से पूरी तरह बंद पड़ी हैं। रात के समय अंधेरा छा जाने के कारण इस व्यस्त मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों मुकेश, राजेश पटेल पीयूष जैन, प्रदीप, कमल किशोर, राकेश शर्मा, सुंदर लाल, सुरेश, राजेश कुमार, प्रताप ठाकुर और जगदेव प्रसाद आदि ने कहा कि ये लाइटें पिछले 7 दिनों से खराब हैं। अंधेरे के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसों का अंदेशा बना रहता है, जिससे स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इन लाइटों को ठीक नहीं किया गया, तो वे नगर निगम के टोल-फ्री नंबर पर इसकी औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे और संबंधित विभाग के खिलाफ आवाज उठाएंगे। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तुरंत प्रभाव से इन सभी बंद स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करवाई जाए, ताकि रात के समय आवागमन सुरक्षित हो सके।
पटौदी चौक से सेक्टर-10 मार्ग की ओर जाने वाले मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात्रि में छाया रहता है अंधेरा

