गुरुग्राम।गत रविवार को जिला अदालत परिसर स्थित रिकॉर्ड रुम में भीषण आग लगने की घटना घटित हो गई थी। हालांकि अग्रिशमन विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया था। लेकिन घटना के तीसरे दिन भी अग्रिशमन कर्मी सक्रिय दिखाई दिए और वे घटनास्थल पर अभी भी अपनी फायरबिग्रेड के साथ तैनात हैं। पानी की बौछार करने का क्रम जारी है। इस भीषण आग ने परिसर स्थित 2 दर्जन अदालतों को प्रभावित कर रख दिया है। यानि कि भवन अब बैठने लायक नहीं रहा है। परिसर स्थित अधिवक्ताओं को भी क्षेत्र में जाने से सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए उधर जाना बंद कर दिया है। अदालत परिसर को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और पुलिसकर्मी भी पूरे परिसर में तैनात किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो सके। घटना के दिन उच्च न्यायालय के इंस्पेक्टिंग न्यायाधीश ने घटनास्थल का दौरा कर जिला प्रशासन को आदेश दिए थे कि इस परिसर में संचालित की जा रही अदालतों का पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस परिसर में अस्थायी रुप से संचालन किया जाए। मंगलवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस परिसर में कई अस्थायी अदालतें भी लगी। न्यायाधीश व ज्यूडिशियल मजिस्टे्रट कम सिविल जजों की अदालतें लगी। मुवक्किल अपने मामलों की जानकारी लेने के लिए परेशान होते दिखाई दिए। वे अपने अधिवक्ताओं के साथ अस्थायी अदालतों की जानकारी लेते दिखाई दिए। मंगलवार को विभिन्न अदालतों में मामलों से संबंधित रिकॉर्ड अदालतकर्मी एकत्रित करते दिखाई दिए। प्रशासन का मानना है कि सभी अदालतों से संबंधित रिकॉर्ड को परिसर से निकाल लिया जाए, ताकि वह सुरक्षित रह सके।
अदालत के रिकॉर्ड रुम में भीषण अग्रिकांड के बाद पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस परिसर में संचालित की जा रही हैं अस्थायी अदालतें

