गुरुग्राम। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज आवश्यकता है कि लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए। यही भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह विचार राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बुधवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सेंटर फॉर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज (सीपीएएस), गुरुग्राम में आयोजित 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।राष्ट्रीय संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस युवा संसद का आयोजन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि भारतीय संविधान ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित भारत का विजन प्रस्तुत किया है। विद्यार्थियों एवं युवाओं को संकल्प लेना चाहिए कि वे संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण का आधार और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाएंगे।कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. करमबीर गिल तथा युवा संसद की ग्रुप कोऑर्डिनेटर डॉ. शालिनी शर्मा ने भी अपने विचार साझा किए। एमडीयू-सीपीएएस की निदेशक प्रो. कविता ढुल ने स्वागत भाषण दिया। राष्ट्रीय युवा संसद के संयोजक प्रो. अनुपम कुरवाल ने मॉडल युवा संसद की अवधारणा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। डॉ. विजय राठी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। डॉ. कविता दहिया एवं डॉ. सुनील खरब ने कार्यक्रम का गरिमापूर्ण संचालन किया।युवा संसद के समापन पर निर्णायक मंडल ने छह विद्यार्थियों मेगन, अंशिका, अक्ष, मोहम्मद जुनेद, कार्तिकेय शुक्ला और संदीप भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ छह वक्ताओं के रूप में घोषित किया।इस अवसर पर हरियाणा लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. पवन, अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. रणदीप राणा, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन सीडीसी प्रो. राजेश पुनिया तथा निदेशक जनसंपर्क सुनीत मुखर्जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर युवाओं ने संसदीय कार्यवाही का किया जीवंत प्रदर्शन

