NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

हर एसडीओ कार्यालय में स्थािपत होगी सोलर विंडो – ऊर्जा मंत्री अनिल विज*

गुरुग्राम।हरियाणा को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देशभर में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के प्रत्येक बिजली विभाग के उपमण्डल अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में सोलर ऊर्जा से संबंधित एक विशेष डेस्क/विंडो स्थापित की जाए, ताकि आमजन को सोलर सिस्टम लगाने से जुड़ी सभी जानकारी एवं सुविधाएं एक ही स्थान पर सरलता से उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही, उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एक समर्पित मिस्ड कॉल नंबर आधारित व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिसके माध्यम से इच्छुक उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने से संबंधित सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने ये निर्देश चण्डीगढ़ में नव एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती आशिमा बराड़ भी उपस्थित रहीं।बैठक के दौरान श्र विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसडीओ कार्यालयों में स्थापित की जाने वाली सोलर विंडो पर सोलर सिस्टम से संबंधित विस्तृत जानकारी, योजनाओं, सब्सिडी एवं लाभों के बारे में जागरूकता सामग्री और बैनर भी लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असमंजस या परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि हरियाणा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देशभर में नंबर एक राज्य बने और इसके लिए गांव-गांव तथा शहर-शहर तक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं।ऊर्जा मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को सम्मानित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सोलर सिस्टम अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।बैठक में प्रधानमंत्री कुसुम योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि हरियाणा में अब तक 1 लाख 92 हजार 725 सोलर पंप लगाए जा चुके हैं, जिसके साथ राज्य देशभर में दूसरे स्थान पर है। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2026-27 के दौरान 35 हजार नए सोलर पंप स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।इस अवसर पर उत्तर एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक श्री विक्रम सिंह, नव एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग की निदेशक श्रीमती संगीता तेतरवाल सहित ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।