गुरुग्राम।ओल्ड रेलवे रोड स्थित प्रेम मंदिर के बाहर सडक़ किनारे लगाए गए झूलों को लेकर शिवसेना ने जिला प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। जिला अध्यक्ष ललित क्रांतिकारी एवं सुमित मलिक की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, जिसमें जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए झूलों को तुरंत सडक़ से हटाकर पास के रामलीला ग्राउंड में स्थानांतरित करने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने पहुंचे पदाधिकारियों ने बताया कि ओल्ड रेलवे रोड, सोहना चौक और सदर बाजार से रेलवे स्टेशन को जोडऩे वाला एक बेहद व्यस्त और मुख्य मार्ग है। सडक़ के बीच में झूले लगा दिए जाने के कारण यहां हर समय भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम जनता और राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही सुरक्षा संबंधी गंभीर खतरे भी पैदा हो गए हैं। शिवसेना नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान झूला संचालकों से लाखों रुपये की कथित वसूली की चर्चाओं की ओर भी आकर्षित किया। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यह स्पष्ट किया जाए कि व्यस्त सडक़ अथवा सरकारी भूमि पर झूले लगाने की अनुमति किस विभाग या अधिकारी द्वारा प्रदान की गई है। झूलों की वैधता और सुरक्षा मानकों की गहराई से जांच हो। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रेम मंदिर के ठीक पास ही विशाल रामलीला ग्राउंड उपलब्ध है। यदि प्रशासन द्वारा झूले लगाने की कोई अनुमति दी भी गई है, तो उन्हें सडक़ से हटाकर रामलीला ग्राउंड के अंदर शिफ्ट किया जाना चाहिए। इससे यातायात सुचारू रूप से चल सकेगा और आम लोगों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर राज्य संगठन मंत्री संजय ठकराल, कोषाध्यक्ष सुभाष सरवन, ब्लॉक प्रमुख मनोज कुमार, धर्मवीर बादली, रजत ग्रोवर, हर्षीश सिंह, कीर्ति सिंह एवं साहिल सरवन सहित शिवसेना के कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे। शिवसेना ने जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर आम जनता की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।
सडक़ किनारे लगे झूलों से लग रहा जाम, शिवसेना ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

