NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

राखी मेकिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा

गुरुग्राम। खांडसा रोड स्थित डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रक्षाबंधन के अवसर पर राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय की 110 छात्राओं ने भाग लिया, जिन्हें 2-2 छात्रों के समूहों में विभाजित कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करने का अवसर दिया गया। विद्यालय के प्राचार्य सुभाष अदलखा ने बताया कि जूनियर स्तर में कक्षा 9वीं और 10वीं की 46 छात्राओं के 23 समूह व सीनियर स्तर में कक्षा 11वीं और 12वीं की 64 छात्राओं को 32 समूह में विभाजित किया गया। छात्राओं ने अपने हाथों से कलात्मक और आकर्षक राखियाँ बनाकर भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते का सुंदर संदेश प्रस्तुत किया। भौतिकी की प्रवक्ता निशा सैनी और जीव विज्ञान की प्रवक्ता ऋतु राघव ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाते हुए परिणाम घोषित किए, जिसमें जूनियर वर्ग में रिदिमा एवं अर्शा एम प्रथम, खुशबू एवं मानवी द्वितीय व सलोनी एवं मोहिनी तृतीय तथा सीनियर वर्ग में ख़ुशी एवं कशिश प्रथम, अफ़ीफ़ा एवं संजना द्वितीय व तान्या एवं निशु तृतीय स्थान पर रही। विद्यालय के प्रबंधक दलबीर सिंह ने छात्राओं द्वारा बनाई गई राखियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी कलात्मक क्षमता व सोच की सराहना की। प्राचार्य सुभाष अदलखा ने घोषणा की कि दोनों वर्गों में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले समूहों को सर्टिफिकेट, मेमेंटो और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में मीनाक्षी पुष्करणा, ज्योति शर्मा आदि शिक्षक व शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।