NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराज्य

ब्रह्माकुमारीज के नशा मुक्ति महाअभियान के तहत 12,418 लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ

गुरुग्राम। धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज द्वारा केंद्र सरकार के सहयोग से युवाओं व नागरिकों को नशामुक्ति के प्रति प्रेरित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों आदि स्थानों पर जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के बिलासपुर क्षेत्र स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओआरसी) द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। महाअभियान के दौरान क्षेत्र के 12, 418 लोगों ने जीवन भर नशे से दूर रहने की दृढ़ प्रतिज्ञा ली। अभियान की समय सीमा 31 अगस्त तक कर दी गई है। संस्था के डॉ. दुर्गेश, बीके मदन, बीके संजय, बीके परशुराम, बीके अखिलेश और बीके यशवंत की टीम ने विभिन्न गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में जाकर युवाओं व आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने वैज्ञानिक, सामाजिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रमों के दौरान विशेष रूप से युवा पीढ़ी को लक्षित किया गया। शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को मानसिक एकाग्रता, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ जीवनशैली का महत्व समझाते हुए नशामुक्त रहने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि व्यक्ति के मानसिक संतुलन, परिवार की खुशहाली और समाज के ताने-बाने को भी नष्ट कर देता है। भारत सरकार और ब्रह्माकुमारीज़ की यह संयुक्त पहल केवल नशा छुड़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मानुभूति और राजयोग ध्यान के माध्यम से व्यक्ति की आंतरिक इच्छाशक्ति को मजबूत करने पर केंद्रित है। 15 दिनों तक चले इस सघन अभियान की स्थानीय ग्रामीणों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सराहना की।