NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

नवनियुक्त पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने जारी किए सख्त आदेश

गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थानों और शराब के ठेकों के बाहर जाम छलकाने वाले हुड़दंगियों की अब खैर नहीं है। जिले के नवनियुक्त पुलिस आयुक्त (सीपी) शिवास कविराज ने कार्यभार संभालते ही कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहद कड़े कदम उठाए हैं। पुलिस आयुक्त ने एक विशेष पत्र जारी कर स्पष्ट आदेश दिए हैं कि ठेकों के बाहर शराब पीने वालों के खिलाफ न केवल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, बल्कि इस अवैध गतिविधि को बढ़ावा देने वाले आसपास के खोखों और रेहड़ी-पटरी वालों पर भी बुलडोजर चलेगा।पुलिस आयुक्त शिवास कविराज के आदेशानुसार गुरुग्राम पुलिस अब सडक़ों पर और शराब के ठेकों के बाहर खड़े होकर शराब पीने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। अक्सर देखा जाता है कि शराब के ठेकों के आसपास चखना, अंडे और खाने-पीने की अवैध रेहडिय़ां व खोखे खुल जाते हैं, जो असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाते हैं। नए आदेशों के तहत सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। ठेकों के आसपास अवैध रूप से लगी सभी रेहडिय़ों, थडिय़ों और खोखों को तुरंत हटाया जाएगा। यदि किसी ठेके के ठीक बाहर बार-बार नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित विभाग को लिखकर उस ठेके के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी। गुरुग्राम के पॉश इलाकों और नाइटलाइफ हब माने जाने वाले एमजी रोड, नाथूपुर, सिकंदरपुर और इनके आसपास के पब, बार व क्लबों के बाहर पैर पसार रहे अनैतिक व्यापार (वेश्यावृत्ति) को लेकर भी पुलिस आयुक्त ने बेहद गंभीर रुख अपनाया है। उन्होंने निर्देश जारी किए हैं कि क्लबों और पबों के बाहर किसी भी प्रकार की अनैतिक या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सडक़ों पर माहौल खराब करने वाले और वेश्यावृत्ति जैसे कृत्यों में संलिप्त लोगों पर पुलिस की खुफिया और स्थानीय टीमें पैनी नजर रखेंगी। शिकायत मिलने या संदेहास्पद स्थिति दिखने पर तुरंत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
वीकेंड पर रहेगा स्पेशल पहरा, वॉट्सऐप पर देनी होगी रिपोर्ट
गुरुग्राम में शुक्रवार, शनिवार और रविवार यानि कि वीकेंड के दौरान पब, बार और शराब के ठेकों पर सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ती है, जिसके कारण हुड़दंग और अपराध की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में  सभी थाना प्रभारियों, सह-प्रभारियों और ड्यूटी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वीकेंड पर अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी पब, बार, क्लब और ठेकों पर जाकर चेकिंग करें। फील्ड में की जा रही इस विशेष चेकिंग और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट वॉट्सऐप के माध्यम से अपने उच्चाधिकारियों के साथ साझा करनी होंगी।