गुरुग्राम। शतरंज यानि कि चेस के प्रति बडों का ही नहीं, अपितु बच्चों का भी रुझान बढ़ता जा रहा है। गुरुग्राम क्षेत्र के विभिन्न आयु वर्ग के बच्चे, युवा व अधेड़ लोग भी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में देश, प्रदेश व गुरुग्राम का नाम रोशन कर चुके हैं। इसी क्रम में फाउण्डेशन चेस एकेडमी के कोच संजय छाबड़ा ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित 4 दिवसीय केआईआईटी इंटरनेशनल चेस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश व जिले का नाम रोशन किया है। छाबड़ा का कहना है कि प्रतियोगिता में देश-विदेश के 705 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। उन्होंने कड़े मुकाबले के बीच 9 में से 7 अंक हासिल किए। पूरी प्रतियोगिता में उन्होंने आक्रामक और सूझबूझ भरा खेल दिखाते हुए 6 मैचों में शानदार जीत दर्ज की, जबकि 2 मैच ड्रा रहे और उन्हें केवल एक मैच में हार का सामना करना पड़ा। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें 25 हजार की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। उनकी इस सफलता पर शतरंज खिलाड़ी बड़े उत्साहित हैं। छाबड़ा का कहना है कि वह और अधिक ऊर्जा से शतरंज को जहां बढ़ावा देंगे, वहीं युवाओं व बच्चों को भी इस खेल के गुर सिखाने में कोई कोर कसर नहीं रखेंगे।
चेस प्रतियोगिता में संजय छाबड़ा का शानदार प्रदर्शन, जीता नकद पुरस्कार

