गुरुग्राम। खांडसा रोड स्थित शहर की मुख्य सब्जी मंडी इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। मंडी परिसर में बारिश के कारण फैली गंदगी और कीचड़ से केवल स्थानीय दुकानदार परेशान हैं, अपितु यहां खरीदारी करने आने वाले आम लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोगों को मजबूरन इस बदबूदार कीचड़ के बीच से होकर सब्जी खरीदने जाना पड़ रहा है। राजेश पटैल, मुकेश, सोनू, जगदेव, कमल किशोर, जयप्रकाश, प्रदीप, राजीव राठौर, चंद्र प्रकाश सिंह, भूपेन्द्र, राजेश कुमार, अजय सिंह, राहुल, एमडी असलम, मुन्ना अंसारी, संदीप, ईश्वर शर्मा, हरिवंश आदि का कहना है कि यह शहर की सबसे प्रमुख और बड़ी सब्जी मंडी है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग और कारोबारी आते हैं। इसके बावजूद मंडी का यह हाल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। मंडी परिसर में हर तरफ कीचड़ ही कीचड़ नजर आ रहा है। मंडी में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। गंदगी के कारण पूरे इलाके में बेहद तेज दुर्गंध फैली हुई है, जिससे यहां खरीददारी व व्यापार करना दूभर हो चुका है। मंडी परिसर में कारोबार करने वाले व्यापारियों का कहना है कि शहर की इस सबसे बड़ी सब्जी मंडी में प्रतिदिन हजारों की संख्या में थोक व्यापारी, खुदरा दुकानदार और आम नागरिक पहुंचते हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो मंडी और आसपास के इलाकों में भयंकर संक्रमण या बीमारियां फैलने का अंदेशा बढ़ जाएगा। व्यापारियों व आम लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या को गंभीरता से लिया जाए। सब्जी मंडी की सडकों पर जमा इस कीचड़ और गंदगी की सफाई प्राथमिकता के आधार पर तुरंत कराई जाए, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके और किसी बड़े स्वास्थ्य संकट को टाला जा सकें।
कीचड़ व गंदगी फैलने से खांडसा सब्जी मंडी की हालत हुई बदहाल

