गुरुग्राम।ग्रैंडपेरेंट्स डे के अवसर पर सेक्टर-43 स्थित एमिटी इंटरनेशनलस्कूल में शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के विद्यार्थियों के दादा-दादी और नाना-नानी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और बच्चों के स्वागत गीत के साथ हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने दादा-दादी के प्रति स्नेह प्रकट करते हुए मनमोहक कविताएं, गीत और नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर उपस्थित अभिभावक भावविभोर हो उठे और सभागार तालियों से गूंज उठा। प्राचार्या अंशु अरोड़ा ने कहा कि दादा-दादी परिवार की मजबूत जड़ें हैं, जिनके संस्कारों और आशीर्वाद से बच्चों का व्यक्तित्व निखरता है। उन्होंने कविता के माध्यम से बुजुर्गों को जीवन निर्माता व पारिवारिक मूल्यों का संवाहक बताते हुए नई पीढ़ी से उनके अनुभवों का सम्मान करने का आह्वान किया। शिक्षिका श्वेता पुरी व सोनी जौहर ने कहा कि बुजुर्गों का सानिध्य बच्चों के लिए सबसे बड़ी पाठशाला है। समारोह में साभ्या, लविशा, गुरबानी, गौरिशा, प्रशिका, प्रिषिका तथा राभ्या पुल्यानी के दादा-दादी सतीश पुल्यानी व अनिता पुल्यानी सहित अनेक वरिष्ठ अभिभावकों को सम्मानित किया गया। बच्चों ने हस्तनिर्मित कार्ड व पुष्प भेंट किए, जबकि विद्यालय की ओर से सभी बुजुर्गों को पौधे सहित गमला उपहार में दिया गया।
छात्रों ने दादा-दादी व नाना-नानी के साथ धूमधाम से मनाया ग्रैंडपेरेंट्स डे

