NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

4 लेबर कोड्स का विरोध करते हुए श्रमिकों ने मनाया काला दिवस

गुरुग्राम। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए 4 लेबर कोड्स का विरोध करते हुए श्रमिक संगठनों ने ट्रेड यूनियन काउंसिल के आह्वान पर जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर काला दिवस मनाया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में एटक, सीटू, एचएमएस, एआईयूटीयूसी, इंटक व सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों, मजदूरों, कर्मचारियों आदि ने भाग लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ़ रोष व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रमिक संगठन एटक के बलवीर कंबोज, हिंद मजदूर सभा के जसपाल राणा, इंटक के मुकेश शर्मा, एआईयूटीयूसी के श्रवण कुमार गुप्ता, सीटू से सुरेश नोरा ने की और संचालन एटक के राज्य महासचिव कामरेड अनिल पंवार ने किया। श्रमिक नेताओं ने कहा कि नए लेबर कोड्स मजदूर वर्ग के लंबे संघर्षों से हासिल किए गए अधिकारों को खत्म करने की दिशा में उठाया गया कदम हैं। इन कानूनों के लागू होने से यूनियन बनाने और हड़ताल करने के अधिकारों को जटिल और कमजोर किया जा रहा है, जिससे मजदूरों की आवाज़ दबाई जा सके। उन्होंने कहा कि न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा और स्थायी रोजगार जैसी बुनियादी अवधारणाओं को कमजोर किया जा रहा है। ठेका प्रथा को बढ़ावा देकर स्थायी नौकरियों को खत्म करने की साजिश की जा रही है, जिससे मजदूरों की नौकरी असुरक्षित हो जाएगी। उनका कहना है कि नए प्रावधानों के तहत मालिकों को अधिक छूट दी जा रही है, जिससे मजदूरों से 10 से 12 या उससे भी अधिक घंटे काम कराया जा सकता है। इससे मजदूरों का शारीरिक और मानसिक शोषण बढ़ेगा और उनके जीवन की गुणवत्ता पर गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन जनविरोधी लेबर कोड्स को तुरंत वापिस लिया जाए और मजदूरों के हित में मजबूत श्रम कानून लागू किए जाएं। सभी मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन की गारंटी, सामाजिक सुरक्षा का विस्तार और स्थायी रोजगार सुनिश्चित किया जाए। यदि इन कानूनों को वापिस नहीं लिया तो आने वाले समय में देशव्यापी स्तर पर और व्यापक व निर्णायक आंदोलन चलाए जाएंगे, जिनकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार की होगी। प्रदर्शन करने वालों में जसपाल राणा, श्रवण कुमार गुप्ता, बलवीर कंबोज, मुकेश शर्मा, ऊषा सरोहा, अनीता यादव, रामकुमार, सुशील कुमार, धर्मेन्द्र, मीरा, सरस्वती, सुरेश सोलकी, परवीन जांगड़ा, वजीर कुमार, बलवान सिंह, सोमदत, चंदन, राजू, एसएन दहिया आदि  शामिल रहे।