NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशराज्य

भगवान महावीर जयंती पर महावीरमय हुआ गुरुग्राम, निकाली भव्य रथ यात्रा

गुरुग्राम। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर जी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव मंगलवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान श्री जैन महासभा महावीर पार्क की ओर से महावीर चौक से भव्य रथ यात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा शहर में कई स्थानों पर करीब पांच किलोमीटर भ्रमण करते हुए वापस मंदिरजी पहुंची। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ इस शोभा यात्रा में भाग लेकर भगवान महावीर के जन्मोत्सव को यादगार बनाया।  
भगवान महावीर जी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव पर जैन श्रद्धालुओं ने सुबह सवा सात बजे श्रीजी का दूध से अभिषेक किया। आठ बजे झंडारोहण किया गया और इसके बाद नौ बजे रथ यात्रा शुरू की गई। पंडित प्राशु जैन के सानिध्य में पांडुक शिला पर श्रीजी को विराजमान कर अभिषेक और पूजन किया। इसमें जैन समाज के लोगों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। रथयात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती उतारकर स्वागत किया। जैन समाज के प्रवक्ता अभय जैन एडवोकेट ने बताया कि महावीर पार्क से शुरू होकर रथ यात्रा जैकमपुरा, सोहना चौक, गुरुद्वारा रोड, सोहना चौक, अग्रसेन चौक होते हुए वापस महावीर पार्क पहुंची। करीब पांच किलोमीटर के इस क्षेत्र में जैन भक्तों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। रथ यात्रा में सबसे आगे घुड़सवार जैन धर्म ध्वजा लेकर चल रहे थे। हाथी, घोड़े, पालकी, नगाड़ा, ताशा, बाजा से माहौल धार्मिकमय रहा। हाथी, घोड़े पर जैन भक्त सवार हुए। ढोल-नगाड़ों से हर क्षेत्र गूंजा। स्वर्णमयी रथ पर श्रीजी को लेकर खवासी के रूप में विमल चंद जैन, सारथी के रूप में देवेंद्र कुमार जैन, कुबेर के रूप में दीपक जैन सवार हुए। हाथी पर पीके जैन, पुनीत जैन सवार हुए। रथ यात्रा प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए निकली।श्री जैन महासभा महावीर पार्क के प्रधान सतीश कुमार जैन, उपाध्यक्ष सुभाष जैन एवं नरेश जैन, सचिव सुदर्शन जैन, संयुक्त सचिव कमल जैन, कोषाध्यक्ष घनश्याम दास जैन ने बताया कि झंडारोहण सीए विनय जैन, दिव्या जैन ने किया। दीप प्रज्वलन निर्दोष जैन स्वास्तिक सदन, रीता जैन ने किया। चित्र अनावरण सुशील जैन, अभिषेक जैन ने किया। गणमान्य व्यक्तियों में दिगंबर जैन समाज के प्रधान नरेश जैन, सचिव अशोक जैन, कोषाध्यक्ष प्रदीप जैन पूरी प्रबंधन टीम के साथ पहुंचे। रमन जैन जीतो डीएलएफ से, शैलेष जैन, संजय जैन ने भी शिरकत की।