गुरुग्राम। एकादशी के उपलक्ष्य में सैक्टर 9ए स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर परिसर में बीती देर सायं श्री खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन मंदिर कमेटी द्वारा किया गया, जिसमें खाटू श्याम की महिमा का वर्णन करते हुए भजनों के माध्यम से उन्हें याद किया। भजन गायकों ने भी खाटू नरेश की महिमा का गुणगान भजन के माध्यम से किया। देर रात्रि तक कार्यक्रम चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष व बच्चे शामिल हुए। मंदिर के आचार्य हरीश उपाध्याय का कहना है कि खाटूश्याम जी का बचपन में बर्बरीक नाम था और श्याम नाम उन्हें कृष्ण भगवान ने दिया था। उन्हें श्याम बाबा, खाटू वाला श्याम, कलयुग का अवतार, दीनों का नाथ, खाटू नरेश आदि नामों से भी पुकारा जाता है। खाटू श्याम जी बाल अवस्था में वीर और बलशाली थे और उनकी इन्हीं क्षमताओं और शक्तियों से प्रसन्न होकर भगवान कृष्ण ने बाबा खाटूश्याम को कलियुग में श्याम नाम से पूजने का वरदान दिया था। खाटूश्याम मंदिर को राज्य के बेहद महत्वपूर्ण मंदिरों में से एक माना जाता है। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, महिला मंडल व गणमान्य लोगों का सहयोग रहा।
श्रीगौरी शंकर मंदिर में खाटू श्याम भजन संध्या का हुआ आयोजन

