गुरुग्राम।मां दुर्गा की अष्टमी का पर्व वीरवार को धूमधाम से मनाया गया, जिन व्रतियों ने मां दुर्गा के नवरात्रों के व्रत रखे हुए थे, उनमें से कुछ व्रतियों ने मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर कंजिकाओं को भोजन कराकर अपने व्रतों का समापन किया। कंजिकाओं की व्यवस्था करने में व्रति प्रात: से ही जुट गए थे। आवासीय क्षेत्रों में कंजिकाओं को भोजन कराने के लिए प्रात: से ही भागदौड़ शुरु हो गई थी। कंजिकाओं का आशीर्वाद लेकर व्रतियों ने उन्हें उपहार आदि भी भेंट किए। व्रति कंजिकाओं के लिए पिछले कई दिनों से उपहार खरीदने में व्यस्त थे। आधुनिकता व समय का अभाव कंजिकाओं को भोजनादि कराने में भी दिखाई दिया। आधुनिकता की इस दौड़ में व्रति भी दिखाई दिए। वे कंजिकाओं के लिए लंच बॉक्स आदि लाए और उनमें ही खाना पैक कर कंजिकाओं को भेंट किया। कुछ व्रतियों द्वारा इस प्रकार की औपचारिकता निभाने को धर्मप्रेमी सही नहीं मान रहे हैं। गली-मौहल्लों में कंजिकाओं की धूम रही। व्रतियों ने उनसे आशीर्वाद भी लिया।
कंजिकाओं को भोजन करा कुछ व्रतियों ने किया नवरात्रों का समापन

