गुडग़ांवI देशवासी आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मना रहे हैं, जिसमें स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को पूरा राष्ट्र याद कर रहा है। असंख्य लोगों के बलिदान के कारण ही देश आजाद हो सका था। पंजाब केसरी हिंद समाचार गु्रप के संस्थापक अमर शहीद लाला जगतनारायण ने स्वतंत्रता संग्राम में बढ़-चढक़र भाग लिया था। उन्हें अढ़ाई वर्ष की जेल की सजा भी स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका के चलते काटनी पड़ी थी। उन्होंने न केवल स्वतंत्रता संग्राम अपितु स्वतंत्र भारत में भी जीवनपर्यन्त राजनीति एवं पत्रकारिता के क्षेत्रों में सत्यनिष्ठा एवं त्याग की भावना के मापदंड स्थापित किए थे।
केंद्र सरकार को अमर शहीद लाला जगत नारायण को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न की उपाधि से अलंकृत किया जाना चाहिए। उक्त मांग सामाजिक संस्था भगवान श्री परशुराम सेवादल के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता पंडित अरुण शर्मा ने लालाजी की जयंती पर उन्हें याद करते हुए केंद्र सरकार से की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1899 की 31 मई को वर्तमान पाकिस्तान के जिला गुजरांवाला कस्बे बजीराबाद में लालाजी का जन्म हुआ था।
वह महात्मा गांधी और लाला लाजपतराय से बड़े प्रेरित थे। इसी कारण वह अल्पायु में ही स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ गए थे। वर्ष 1919 में लाहौर के डीएवी कॉलेज से उन्होंने स्नातक की उपाधि हासिल की थी। उन्होंने बताया कि कानून की पढ़ाई लाला जी ने शुरु की थी, लेकिन असहयोग आंदोलन के चलते उन्होंने कानून की पढ़ाई को बीच में ही छोड़ दिया था। देश आजाद होने के बाद वर्ष 1952 में देश के पहले चुनाव हुए तो लाला जी ने संयुक्त पंजाब विधानसभा में नारायणगढ़ जोकि अब हरियाणा में का विधानसभा चुनाव जीतकर का प्रतिनिधित्व किया था। वह शिक्षा एवं परिवहन मंत्री भी संयुक्त पंजाब में रहे थे और दोनों ही क्षेत्रों में उन्होंने क्रांतिकारी परिवर्तन भी किए थे जिनके लिए उन्हें आज भी याद किया जाता है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने कई आयाम कायम किए। उन्होंने सत्यनिष्ठा एवं त्याग के उच्च मापदंड भी स्थापित किए थे। वरिष्ठ अधिवक्ता का कहना है कि लाला जी द्वारा स्थापित किया गया पंजाब केसरी हिंद समाचार गु्रप वटवृक्ष का रुप धारण कर चुका है। उनके सुपुत्र पद्मश्री से सम्मानित विजय चोपड़ा एवं लालाजी के पौत्र अविनाश चोपड़ा, अमित चोपड़ा व लालाजी के प्रपौत्र हिंद समाचार गु्रप को दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कराने में जुटे हैं। यह समाचार गु्रप देश का प्रतिष्ठित समाचार गु्रपों में से एक है। अधिवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि अमर शहीद लाला जगत नारायण को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया जाए। यही उनके लिए देशवासियों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


Comment here