NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

प्रेम और सद्भाव के लिए निकाली जा रही है शांति पदयात्रा : देवेंद्र पाल

गुरुग्राम। प्रेम और सद्भाव के लिए महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर सर्व सेवा संघ द्वारा कलकाता के बेलियाघाटा गांधी भवन से शांति निकेतन तक 15 दिवसीय शांति पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में नफरत और बंटवारे की ताकतों के खिलाफ प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान का संदेश प्रसारित करना है। इस पदयात्रा में गुडगांव से हरियाणा प्रदेश सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष सतीश मराठा भी अपने सहयोगियों के साथ शामिल हुए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र पाल का कहना है कि यात्रा के तीसरे दिन पदयात्री उत्तर 24 परगना जिले के बरकपुर कस्बे में गंगा किनारे स्थित गांधी आश्रम से प्रात:काल रवाना हुए, जो सायं चुचुरा ग्राम पहुँची, जहाँ पदयात्रियों का रात्रि विश्राम होगा। यह यात्रा महात्मा गांधी और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के साझा विचारों से प्रेरित है। इसकी शुरुआत गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे बेलियाघाटा स्थित गांधी भवन से हुई थी। उद्घाटन अवसर पर सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रकाशन समिति के संयोजक अशोक भरत ने शांति संदेश का पाठ कराया, और सभी ने मिलकर महात्मा गांधी की प्रिय प्रार्थना रघुपति राघव राजा राम का सामूहिक गायन किया। यह पदयात्रा आगामी 16 अक्टूबर को शांतिनिकेतन में संपन्न होगी। गौरतलब है कि 16 अक्टूबर का दिन 1905 में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा बंग-भंग के विरोध और हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक के रूप में आयोजित ऐतिहासिक रक्षाबंधन की याद दिलाता है। सर्व सेवा संघ के साथ-साथ बंगाल के कई प्रमुख लोकतांत्रिक और शांति-प्रिय संगठन इस आयोजन में संयुक्त रूप से सक्रिय हैं।