गुरुग्राम। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने गुरुग्राम में आयोजित जिला स्तरीय कर्मचारी कन्वेंशन को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार से मांग की है कि सीवर-सफाई कर्मचारियों तथा अग्निशमन विभाग के अनुबंधित फायरमैन और ड्राइवरों को नियमित करने के फैसले को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लागू किया जाए। कन्वेंशन की अध्यक्षता नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान वसंत कुमार ने की, जबकि मंच संचालन धर्मेंद्र व भारत कांगड़ा ने किया। इस दौरान राज्य उपमहासचिव सुनील चंडालिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नरेश कुमार शास्त्री ने आरोप लगाया कि शहरी स्थानीय निकाय एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में हुए समझौते के बावजूद अग्निशमन कर्मचारियों की मांगों के आदेश अभी तक जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि फायर कर्मचारियों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले दो दिनों में आदेश जारी नहीं हुए, तो हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन और नगरपालिका कर्मचारी संघ संयुक्त रूप से महानिदेशक, हरियाणा फायर सर्विस के कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। शास्त्री ने आरोप लगाया कि कई अधिकारी और ठेकेदार कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लेने से इनकार कर रहे हैं। कुरुक्षेत्र, रोहतक और फरीदाबाद सहित कई शहरों में ठेका कर्मचारियों की जॉइनिंग अभी तक सुनिश्चित नहीं की गई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों व ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने गुरुग्राम नगर निगम से हटाए गए 3,480 कर्मचारियों को वापस लेने, बर्खास्त 26 नेताओं को बहाल करने और कर्मचारियों के लंबित भत्तों व वेतन के भुगतान की पुरजोर मांग उठाई। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने समझौते को लागू करने में देरी की, तो कड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटा जाएगा।
सीवर-सफाई कर्मचारियों और फायरमैनों को नियमित करने की मांग, वेतन न मिलने पर दी आंदोलन की चेतावनी

