NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

क्रोध और अहंकार आत्मा को करते हैं कमजोर : अलका नांगिया अरोरा

गुरुग्राम, धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज द्वारा जिले के बिलासपुर क्षेत्र स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओआरसी) परिसर में भारतीय सेना व सुरक्षा बलों के अधिकारियों और सैनिकों के लिए 3 दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के संवाद कार्यक्रम का आयोजन शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय थल सेना, नौसेना, वायुसेना, विभिन्न अर्धसैनिक बलों तथा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश की रक्षा में तैनात प्रहरियों के मानसिक स्वास्थ्य, स्व-सशक्तिकरण और आंतरिक शांति को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में केंद्रीय रक्षा मंत्रालय के अधीन रक्षा लेखा महानियंत्रक अलका नांगिया अरोरा शामिल हुई। उन्होंने कहा कि संस्थान भारतीय सुरक्षा बलों में विश्वास की एक मजबूत नींव तैयार कर रहा है। आज की इस अंधी दौड़ में जीवन केवल एक भागदौड़ बनकर रह गया है, ऐसे में जीवन में आध्यात्मिक ठहराव लाना बेहद जरूरी है। क्रोध और अहंकार ऐसी दो प्रवृत्तियां हैं जो आत्मा को कमजोर करती हैं, और इन पर विजय पाकर ही जीवन को शक्तिशाली बनाया जा सकता है।ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके शुक्ला ने कहा कि आध्यात्मिक शक्ति ही साधारण मन को सुमन बनाती है। विचारों की शुद्धता से ही मन शक्तिशाली बनता है। दुनिया के बड़े-बड़े आविष्कार मौन की शक्ति से ही हुए हैं। सत्य का बोध ही शक्ति का मूल स्रोत है और आध्यात्मिकता ही मानसिक एवं आत्मिक समस्याओं की अचूक औषधि है। बीके अनुसूया ने कहा कि शांति ही दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति है। जिस बदलाव की अपेक्षा हम दूसरों से करते हैं, उसकी शुरुआत हमें अपने-आप से करनी होगी। बीके दीपा ने अधिकारियों और जवानों को गहन राजयोग के अभ्यास की अनुभूति कराई। आयोजन को सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक सुनील जून, भारतीय नौसेना के रियर एडमिरल सीएस नायर, पूर्व कैप्टन बीके शिव सिंह आदि ने भी संबोधित किया। पाश्र्व गायक हरीश मोयल ने भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी। मंचासीन अतिथियों का स्वागत तिलक, बैज और पटके पहनाकर किया गया।