गुरुग्राम। परोपकारिणी सभा, अजमेर के तत्वावधान में पुष्कर मार्ग स्थित ऋषि उद्यान में आयोजित होने वाले भव्य एवं दिव्य 3 दिवसीय ऋषि मेला समारोह में शामिल होने के लिए गुरुग्राम से 45 आर्य समाजियों का जत्था रवाना हो गया है। जत्थे को आर्य समाजी नरेंद्र आर्य, नंद गाबा व आदित्य राज ने ओम ध्वज दिखाकर रवाना किया। सभी ने गायत्री मंत्र व ईश्वर स्तुति प्रार्थना उपासना मंत्र का जप किया। उन्होंने कहा कि ऋषि मेला आर्य समाज का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण पर्व है। इस आयोजन में सहभागिता कर गुरुग्राम का यह प्रतिनिधिमंडल वैदिक ज्ञान, संस्कृति और महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों व संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। जत्थे में प्रमुख रूप से धर्मेन्द्र बजाज, अशोक आर्य, जय राज वर्मा, बीबी सिंह, प्रिय दर्शन बग्गा, सतीश पुल्यानी, ज्योत्सना बजाज, सुषमा आर्य, आशा आर्य, सुमन चावला और कमलेश आहूजा सहित बड़ी संख्या में आर्य समाजी शामिल हैं। यह दल मेले के दौरान यज्ञ, भजन, प्रवचन, वेद कथा और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेगा। उल्लेखनीय है कि मेले के उपलक्ष्य में 7 नवंबर से आर्षवेद पारायण यज्ञ (चतुर्थ काण्ड) का आयोजन चल रहा है, जिसकी पूर्णाहुति समारोह के अंतिम दिन 15 नवंबर को संपन्न होगी। मेले में तीनों दिन प्रात:काल से सायंकाल तक शास्त्र चर्चा और भजनोपदेश के कार्यक्रम चलेंगे, जिसमें देशभर से आए प्रसिद्ध वैदिक विद्वान, आचार्यगण और आर्य समाज के पदाधिकारी श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे।
ऋषि मेले में भाग लेने के लिए गुरुग्राम से 45 आर्य समाजियों का जत्था हुआ रवाना

