NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भाई दूज का पर्व

गुरुग्राम।धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज के सेक्टर-4 स्थित सेवा केंद्र में भाई दूज का पर्व अत्यंत धूमधाम और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सेवा केंद्र में भाई-बहन के पवित्र प्रेम और आत्मीयता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने सभी ब्रह्मकुमार भाइयों के मस्तक पर आत्मिक स्मृति का तिलक लगाया, उन्हें मिठाई खिलाई और उनके सुखमय जीवन तथा दीर्घायु की मंगलकामना की। पूरे वातावरण में आध्यात्मिक शांति और सौहार्द का भाव व्याप्त रहा। सेवा केंद्र की प्रभारी राजयोगिनी बीके सुदेश ने कहा कि यह पर्व केवल लौकिक रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें आत्मिक भाईचारे और एक-दूसरे के प्रति शुभ भावना रखने की प्रेरणा देता है। तिलक लगाने का वास्तविक अर्थ स्वयं को आत्मा समझकर परमात्मा की स्मृति में स्थित रहना और अपने जीवन से बुराइयों को त्यागकर सद्गुणों को अपनाना है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने आपस में पर्व की शुभकामनाएं साझा कीं और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं सकारात्मकता फैलाने का संकल्प लिया।