गुरुग्राम। देश के महान क्रांतिकारी व शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को शिवसेना की जिला इकाई द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के पदाधिकारियों एवं शिव सैनिकों ने शहीद भगत सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण और बलिदान को याद किया। राज्य संगठन मंत्री संजय ठकराल ने बताया कि राज्य प्रमुख नीरज सेठी ने निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य की जांच कराई। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से नई नियुक्तियों की घोषणा भी की गई। सुमित मलिक को राज्य प्रमुख तथा ललित क्रांतिकारी को जिला अध्यक्ष गुरुग्राम की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदाधिकारियों ने संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करने का संकल्प लिया। नीरज सेठी ने शहीद भगत सिंह के जीवन और बलिदान को याद करते हुए कहा कि भगत सिंह का संघर्ष और देश के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान आज भी युवाओं को राष्ट्रहित, साहस और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर सुरेंद्र जांगू सहित शिवसेना के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शिव सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया गया।
शिवसेना ने स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन कर क्रांतिकारी भगत सिंह को दी श्रद्धांजलि

