NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशराजनीति

रक्षाबंधन पर छात्राओं ने की मांग, डाक रजिस्ट्री शुल्क और ट्रेन यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क करे सरकार

गुरुग्राम। रक्षाबंधन पर्व से पहले छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से मांग की है कि त्योहार के अवसर पर देश के रक्षकों और दूर-दराज रहने वाले भाइयों को राखी भेजने के लिए डाक रजिस्ट्री सेवा तथा छात्राओं की रेल यात्रा को नि:शुल्क किया जाए। छात्राओं का कहना है कि वर्तमान में एक डाक रजिस्ट्री का शुल्क लगभग 55 है। ऐसे में यदि किसी छात्रा को 8 से 10 राखियां अलग-अलग स्थानों या सीमा पर तैनात सेना के जवानों को भेजनी हों, तो यह खर्च उनके लिए काफी अधिक हो जाता है। समस्तीपुर (बिहार) की रहने वाली छात्रा रिचा और कॉलेज छात्रा रश्मि ने बताया कि उनके पिता एक सामान्य कर्मचारी हैं। ऐसे में रक्षाबंधन पर भारी-भरकम डाक खर्च और रेल टिकट का बोझ उठाना उनके परिवार के लिए बेहद मुश्किल हो जाता है। छात्राओं ने सरकार से मांग की है कि रक्षाबंधन के दौरान छात्र वर्ग के लिए रेलवे का सफर पूरी तरह मुफ़्त किया जाए, ताकि आर्थिक तंगी किसी बहन के प्यार और स्नेह में बाधा न बने। इस दौरान शिखा, तनीषा, निधि, प्रिया, फिज़ा, नंदनी, अंशिका, माही, ईशा, रोशनी, शिवानी, पलक, वैष्णवी सिंह, नायरा, जाह्नवी दहिया और मीनाक्षी शर्मा समेत कई छात्राएं मौजूद रहीं। छात्राओं की इस अपील का समर्थन करते हुए समाज सेवी राजेश पटेल ने भी सरकार से आग्रह किया है कि बेटियों की इस वाजिब मांग पर ध्यान केंद्रित किया जाए और त्योहार पर उन्हें राहत दी जाए।