NCRNewsTechnologyUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

केंद्रीय मंत्री ने जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

गुरुग्राम।केंद्रीय सांख्यिकी, कार्यक्रम कार्यान्वयन एवं योजना राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को गुरुग्राम में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस बैठक में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री के आगमन पर डीसी उत्तम सिंह ने उनका स्वागत किया। बैठक में पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी तथा गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा भी मौजूद रहे।बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधाओं को पहुंचाना है, इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जलभराव समाधान और जल पुनर्भरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश*

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तेजी से बढ़ती आबादी वाले गुरुग्राम में जल संरक्षण और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि बरसाती तथा उपचारित पानी का पुनः उपयोग बढ़ाने के साथ-साथ भूजल रिचार्ज की दिशा में भी गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। केंद्रीय मंत्री ने बैठक में एंबियंस मॉल के नजदीक बरसाती नालों तथा सड़क पर कब्जे के संदर्भ में कमेटी के माध्यम से जांच करने के निर्देश भी दिए।बैठक में जीएमडीए के सीईओ पी.सी. मीणा ने बताया कि एसपीआर पर नई ड्रेन लाइन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे 15 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से सुभाष चौक से राजीव चौक तक जलभराव की समस्या में काफी राहत मिलेगी और बरसाती पानी का दबाव कम होगा। इसके अलावा मेदांता अस्पताल के सामने जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ताऊ देवीलाल स्टेडियम के भीतर से बॉक्स ड्रेन का निर्माण किया जा रहा है, जो आगामी 25 दिनों में पूरा हो जाएगा। इससे मेदांता, स्टेडियम क्षेत्र और राजीव चौक के आसपास जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। बैठक में नरसिंहपुर में बनाई जा रही पक्की ड्रेन की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई।

*सी एंड डी वेस्ट के स्थायी समाधान के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश*

केंद्रीय मंत्री ने गुरुग्राम-फरीदाबाद मार्ग पर बढ़ रहे सी एंड डी (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) वेस्ट पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को इसके स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नियमित चालान प्रक्रिया अमल में लाई जाए, ताकि शहर की स्वच्छता और पर्यावरण व्यवस्था प्रभावित न हो।बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि सी एंड डी वेस्ट के मामलों में अब तक करीब 2 करोड़ रुपये के चालान किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की रिकवरी भी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-29 में मलबा फेंकने की घटनाओं को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है तथा सेक्टर-10 में भी इसी प्रकार के प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा जहां-जहां सी एंड डी वेस्ट पाया जा रहा है, वहां से उसे उठाकर बसई स्थित प्लांट तक पहुंचाया जा रहा है। डीसी उत्तम सिंह ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन सरकार की सभी योजनाओं और विकास कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।बैठक में गुरुग्राम की महापौर राज रानी मल्होत्रा, मानेसर की महापौर डॉ इंद्रजीत, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त प्रदीप दहिया, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, मानेसर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, जीएमसीबीएल के सीईओ विश्वजीत चौधरी, केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव ब्रह्म दत्त व नरेश शर्मा, जिला परिषद् के सीईओ सुमित कुमार सहित जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।