गुरुग्राम। श्रमिक संगठन एटक के आगामी 2 दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर संगठन की गतिविधियां तेज हो गई हैं। यह आयोजन आगामी 23 अक्टूबर से रेवाड़ी स्थित जाट धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में संगठन के राष्ट्रीय व राज्य स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर कंपनी बाग परिसर में शनिवार को एटक प्रतिनिधियों की बैठक का आयोजन माइक्रोटैक यूनियन के प्रधान विमल कुमार की अध्यक्षता में किया गया। राज्य महासचिव अनिल पवार ने सम्मेलन की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ इसे ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए आगे की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन की तैयारियों को गति देने और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए स्वागत कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें राजबीर चहल को चेयरमैन, अजय कुमार को कमेटी अध्यक्ष, सतीश नाहड़ को महासचिव तथा संतोष पाण्डेय व विजयकांत मिश्रा को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं कमेटी में सुरेश कुमार, वीपी देहिया, अशोक कुमार, संजय, विनोद, राजेश, धाकड़, सबी यादव, कपूर सिंह, रोकमेन, रोहतास, डेल्फी और सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ सहित विभिन्न श्रमिक यूनियनों व संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। बैठक के दौरान सम्मेलन में अधिक से अधिक श्रमिक प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। एटक प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मेहनत, एकजुटता और सक्रियता के साथ जुटा हुआ है। बैठक के अंत में हरियाणा एटक ने देश भर की बैंक यूनियनों की जायज मांगों को लेकर बुलाई गई हड़ताल का पूर्ण समर्थन किया। राज्य महासचिव अनिल पवार ने कहा कि बैंक फेडरेशन की मांगें पूरी तरह जायज हैं और सरकार को बातचीत के माध्यम से जल्द से जल्द उनका समाधान निकालना चाहिए।
2 दिवसीय राज्य सम्मेलन की तैयारियों को लेकर एटक की हुई बैठक

