गुरुग्राम। सैक्टर 29 स्थित दमकल केंद्र पर शनिवार को अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल 11वें दिन भी जारी रही। अग्निशमन विभाग यूनियन के जिला प्रधान साहून खान ने सरकार पर अग्निशमन कर्मियों की मंागों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रधान साहून खान, जोगिंद्र व सुनील कुमार ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है। जब तक कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी नहीं होती ये हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर शहर को सुरक्षा प्रदान करते हैं लेकिन सरकार उनकी सेवाओं के अनुरूप उचित वेतन, नियमितीकरण और अन्य सुरक्षा साधनों की मांग पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने मांग की है कि फरीदाबाद अग्निकांड पीडि़तों के लिए एक-एक करोड़ रुपए मुआवजा दिया जाए, घायलों का निशुल्क उपचार कराया जाए और 5-5 लाख रुपए की सहायता की जाए, उपचार की अवधि को ड्यूटी माना जाए, मृतकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए तथा अग्रिशमन विभाग के कर्मचारियों की लंबित पड़ी मांगों को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 21 व 22 अप्रैल को नगर निगम के कर्मचारी दमकल फायर विभाग के कर्मचारियों के समर्थन में 2 दिन काले बिल्ले लगाकर विरोध प्रदर्शित करेंगे। कर्मचारियों को बसंत कुमार, महावीर शर्मा, दलजीत शर्मा, सतपाल, नवीन, राजकुमार, अनिल कुमार, सुरजीत, हरिओम, नरेंद्र यादव और इकबाल ने संबोधित किया। इस अवसर पर कर्मचारी नेता सुशीला देवी, राजेश कुमार, सीमा देवी, भारत कांगड़ा, ज्ञान चंद, तेजपाल, कैलाश आदि ने अपना समर्थन दिया।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है सरकार : साहून खान

