NCRअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

नाइजीरिया के प्रतिनिधिमंडल ने चंदू गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बेकरी इकाई का किया अवलोकन*

गुरुग्राम, ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और उद्यमी बनाने की दिशा में केंद्र तथा हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। इसी कड़ी में वीरवार को नाइजीरिया से आए 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गुरुग्राम के गांव चंदू का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षितिज स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित बेकरी इकाई का अवलोकन किया और उनके कार्यों तथा उद्यमशीलता की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल के गुरुग्राम आगमन पर जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार ने उनका स्वागत किया।दौरे के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रतिनिधिमंडल को बेकरी इकाई की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं ने आटा गूंथने, विभिन्न बेकरी उत्पाद तैयार करने, उनकी पैकेजिंग, बिलिंग से लेकर मार्केटिंग तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए बेकरी उत्पादों का स्वाद भी चखा और उनसे संवाद कर उनके अनुभवों को जाना। उन्होंने इस बात की सराहना की कि ग्रामीण महिलाएं सामूहिक प्रयासों और उद्यमिता के माध्यम से न केवल अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार एवं प्रेरणा का माध्यम बन रही हैं।इस अवसर पर हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन केअधिकारियों ने बताया कि केंद्र और हरियाणा सरकार द्वारा दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। नाइजीरिया के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण महिलाओं द्वारा अपनाए गए इस उद्यमशीलता मॉडल को सराहनीय बताते हुए कहा कि चंदू गांव में महिलाओं के सामूहिक प्रयासों से आत्मनिर्भरता की जो तस्वीर सामने आई है, वह दूसरे देशों के लिए भी सीखने योग्य है। उन्होंने यहां प्राप्त अनुभवों को अपने देश में ग्रामीण महिलाओं की आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी पहलों में उपयोगी बताया।इस अवसर पर किसान क्लब के प्रधान राव मान सिंह, गांव के सरपंच विकास, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नजमूस तथा जिला कार्यात्मक प्रबंधक डॉ दीप्ति ढींडसा, क्षितिज स्वयं सहायता समूह की प्रमुख पूजा शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।