NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

*केंद्रीय मंत्री ने नेस्ले के ‘क्लीन कॉरिडोर गुरुग्राम’ अभियान का किया शुभारंभ*

गुरुग्राम, पर्यावरणीय स्थिरता और सामुदायिक भलाई के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता के तहत, नेस्ले इंडिया ने आज ‘क्लीन कॉरिडोर गुरुग्राम’ की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य गुरुग्राम में एम्बिएंस मॉल और राजीव चौक के बीच नेशनल हाईवे के 16 किलोमीटर लंबे हिस्से में स्वच्छता और रखरखाव को बेहतर बनाना है। यह हिस्सा दिल्ली और गुरुग्राम के बीच काम के सिलसिले में रोज़ाना आने-जाने वाले हज़ारों लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में विभिन्न समुदायों और कार्यस्थलों को जोड़ता है।केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गुरुग्राम केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक शहरों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। इस शहर की तरक्की में यहां स्थापित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों का महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में इन कंपनियों की जिम्मेदारी भी बनती है कि वे अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह गुरुवार को नेस्ले इंडिया की सीएसआर पहल के तहत शुरू किए गए ‘क्लीन कॉरिडोर गुरुग्राम’ अभियान के शुभारंभ समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।राव इंद्रजीत सिंह ने नेस्ले इंडिया की ओर से भेंट किए गए स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने पूर्व अपने संबोधन में कहा कि ऐसी पहल केवल एक कंपनी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि अन्य कॉरपोरेट संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों को भी इससे प्रेरणा लेकर आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में प्रदूषण और यातायात जैसी चुनौतियां लगातार बनी हुई हैं। इनका समाधान केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें औद्योगिक संस्थानों, कॉरपोरेट जगत और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए सरकार के साथ समाज और कॉरपोरेट जगत की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि गुरुग्राम में कार्यरत सभी बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों, बहुराष्ट्रीय संस्थानों और अन्य औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाए। इस बैठक में शहर की स्वच्छता, सड़कों के रखरखाव, प्रदूषण नियंत्रण और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में उनके योगदान पर चर्चा की जाए। कार्यक्रम में नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी, कंपनी के कॉर्पोरेट अफेयर्स के सीनियर मैनेजर हरप्रताप सिंह सिद्धू, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त रविंद्र मलिक सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।नेस्ले इंडिया की ओर से एंबियंस मॉल से राजीव चौक तक राष्ट्रीय राजमार्ग के 16 किलोमीटर लंबे हिस्से को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रतिदिन दो बार मशीनीकृत स्वीपिंग के माध्यम से सड़क की सफाई की जाएगी। धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव और आठ कर्मचारियों की टीम द्वारा प्रतिदिन सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कचरे का संग्रहण किया जाएगा। अभियान में प्लास्टिक एवं अन्य ठोस कचरे का नियमित उठान करने के साथ इफ्को चौक का सौंदर्यीकरण, हैंगिंग प्लांटर्स लगाना और नियमित स्वच्छता अभियान चलाना भी शामिल है। कंपनी के अनुसार, सितंबर 2026 में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुई इस पहल के तहत अब तक स्वीपिंग मशीन के 95 ट्रिप के माध्यम से लगभग 226 टन धूल एकत्रित की गई है, जबकि 42 दिनों में करीब 67 टन प्लास्टिक एवं अन्य ठोस कचरे का संग्रहण किया गया है।