गुरुग्राम। एम्स संघर्ष समिति मनीठी के तत्वावधान में समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्व. श्योताज सिंह की दूसरी बरसी के अवसर पर लोटस गार्डन कुंड में सभा का आयोजन किया गया। इस श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता एम्स संघर्ष समिति मनीठी के अध्यक्ष बाबू कैलाश चंद ने की, जबकि मंच का सफल संचालन सचिव ओमप्रकाश सैन ने किया। सचिव ओमप्रकाश सैन ने कहा कि सभा के आरंभ में एम्स निर्माण के लिए श्योताज सिंह द्वारा किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया गया। इस दौरान सभा में एक प्रस्ताव रखा गया कि उनकी याद को चिरस्थाई बनाने और उनके संघर्ष के प्रतीक के रूप में राष्ट्रीय स्तर की इकोलॉजी एवं एनवायरमेंटल संस्थान की स्थापना की जाए, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण हो तथा संघर्ष के प्रतीक के रूप में एक भव्य स्मारक स्थल का निर्माण किया जाए। सभी लोगों ने इन तीनों प्रस्तावों पर अपने विचार रखे और सर्वसम्मति से इन्हें पारित किया। अध्यक्ष बाबू कैलाश चंद ने कहा कि श्योताज सिंह की याद को हमेशा जीवंत रखा जाएगा तथा इन प्रस्तावों को लेकर राज्य व केंद्र सरकार के साथ-साथ स्थानीय जन प्रतिनिधियों को भी ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा। सभा के दौरान एम्स संघर्ष समिति मनीठी ने एम्स माजरा में एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू किए जाने पर सरकार का आभार व्यक्त किया। साथ ही, समिति ने सरकार से पुरजोर अनुरोध किया कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए जल्द से जल्द ओपीडी सेवाएं भी शुरू की जाएं, ताकि आमजन को इसका पूरा लाभ मिल सके। सभा में संजय यादव, राजेंद्र सिंह, अभय सिंह, विपिन यादव, बी.डी. यादव, डॉ. एच.डी. यादव, दयाराम आर्य, रामनिवास, लक्ष्मण सिंह, अमर सिंह, मूलचंद आर्य, जितेंद्र सिंह, रामकुमार, लाल सिंह, आजाद सिंह, जगदीश शर्मा, नरेंद्र यादव, धर्मबीर, दिलबाग सिंह, अजय सिंह, घनश्याम, कृष्ण कुमार, मोनू, देशराज, वीरेंद्र, सुरेश, कंवर सिंह आर्य, कवाल, राजबीर, ईश्वर सैन, रामेश्वर मोहिंदर, सत्यप्रकाश गोयल, महाबीर पंच, और प्रकाश लम्बरदार सहित अनेक प्रमुख लोग शामिल रहे।
एम्स संघर्ष समिति मनीठी के संस्थापक की मनाई दूसरी बरसी, क्षेत्र में स्मारक व संस्थान बनाने का प्रस्ताव पारित

