गुरुग्राम। यहां सेक्टर-29 स्थित लेजरवैली मैदान में डायरेक्ट सेलिंग कंपनी एडब्ल्यूपीएल की ओर से आयोजित विजय पर्व समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि रहे। रविवार की देर रात समारोह में एक लाख लोगों द्वारा सामुहिक हनुमान चालीसा पाठ करके रिकॉर्ड बनाया गया। इस अवसर पर भव्य ड्रोन शो भी आयोजित किया गया।इस समारोह में देर रात ड्रोन शो भी आयोजित किया गया, जिसके जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सैनी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चित्र आकाश में बनाए गए। एडब्ल्यूपीएल के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों ने भी हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं का उल्लेख करते हुए दोनों मुख्यमंत्रियों ने कहा कि आज महिलाएं केवल घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आर्थिक विकास की मजबूत भागीदार बन चुकी हैं। डायरेक्ट सेलिंग प्लेटफॉर्म महिलाओं को घर बैठे काम करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में आयोजित विजय पर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज आत्मनिर्भर भारत का संकल्प एक जन-आंदोलन बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वर्ष 2014 से देश में परिवर्तन की लहर ने हर क्षेत्र की कायापलट कर दी है। डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री भी इससे अछूती नहीं रही है। इस दिशा में डायरेक्ट सेलिंग के माध्यम से बनी युवाओं की पहचान वास्तव में प्रेरणादायक है। पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र ने 10 गुणा वृद्धि दर्ज की है। वर्ष 2015 में तीन हजार करोड़ रुपये का आंकड़ा वर्ष 2025-26 में बढक़र 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मंत्री विपुल गोयल, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, कार्यक्रम आयोजक एवं एडब्ल्यूपीएल के एमडी एवं सीईओ डॉ. संजीव कुमार और संदीप हिन्दुस्तानी विशेष रूप से मौजूद रहे।
एक लाख लोगों के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी किया पाठ

