गुरुग्राम। हरियाणा सरकार द्वारा श्री गुरुग्राम गौशाला सभा के लिए जारी की गई 34 लाख 83 हजार 472 रुपये की अनुदान राशि का चैक स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा ने सभा के पदाधिकारियों को विधिवत रूप से सौंपा। इस सहयोग राशि का उपयोग गौशाला में आश्रित गौवंश के चारे, रखरखाव और बेहतर देखभाल के लिए किया जाएगा। विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गौसेवा और गौवंश संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक एवं सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा समय-समय पर अनुदान राशि उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि बेसहारा गौवंश को बेहतर आश्रय, पौष्टिक चारा और चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे सदैव गौवंश के हितों और गौशाला के विकास कार्यों के लिए तत्पर रहेंगे और हर संभव सहयोग करते रहेंगे। अनुदान चैक प्राप्त करने के उपरांत श्री गुरुग्राम गौशाला सभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि इस वित्तीय सहायता से गौशाला की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में बड़ी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान श्री गुरुग्राम गौशाला सभा के प्रधान ओमप्रकाश, उप प्रधान बने सिंह, सतपाल, राम सैनी, बलजीत सहरावत, राज कुमार, ईश्वर सिंह, जलराम, सतबीर सिंह, रवि यादव और नत्थू सरपंच सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रदेश सरकार की गौ-संवर्धन नीतियों की सराहना की और गौसेवा के इस पुनीत कार्य में समाज की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
विधायक मुकेश शर्मा ने श्री गुरुग्राम गौशाला सभा को सौंपा 34.83 लाख रुपये का अनुदान चैक

