गुरुग्राम। जिले के बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के वाहन मालिकों को राहत पहुंचाते हुए मेहरा डीजल सर्विस के नए शोरूम और अत्याधुनिक सर्विस सेंटर का भव्य शुभारंभ हो गया है। इस नई और आधुनिक सुविधा के शुरू होने से अब स्थानीय लोगों को वाहन सर्विसिंग और अन्य तकनीकी सेवाओं के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इस उद्घाटन समारोह में टर्बो एनर्जी कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट आरडी प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रिबन काटकर नए शोरूम और सर्विस सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता वाली सेवाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध कराना है। बिलासपुर का यह नया केंद्र क्षेत्र के ग्राहकों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। संस्थान के मालिक कुलदीप मेहरा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में इस प्रकार की आधुनिक सुविधाओं का उपलब्ध होना स्थानीय लोगों और व्यवसायों दोनों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि इस नए सेंटर पर प्रशिक्षित तकनीशियन, आधुनिक उपकरण और बेहतर ग्राहक सेवा की व्यवस्था की गई है, ताकि वाहनों को कंपनी के मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता की सर्विस मिल सके। इस नई शुरुआत पर स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि पहले उन्हें छोटी-बड़ी वाहन संबंधी सेवाओं के लिए गुरुग्राम या अन्य बड़े शहरों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की भारी बर्बादी होती थी। अब बिलासपुर में ही यह आधुनिक सुविधा मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी। इस अवसर पर आयोजन में जिला परिषद के चेयरमैन, सीईओ सहित संस्थान के नॉर्थ हेड घनश्याम, नरेश कुमार स्योराण, कर्मबीर सिंह यादव, अनिल कुमार डांगी, सूरज, धीरज, अरविंद और दलीप कटारिया आदि मौजूद रहे।
मेहरा डीजल सर्विस के अत्याधुनिक शोरूम और सर्विस सेंटर का हुआ शुभारंभ

