गुरुग्राम। टमाटर मुख्यत: सभी सब्जियों में प्रयोग होता है और इसे स्वास्थ्यवर्धक भी माना जाता है। टमाटर के बिना सलाद भी अधूरी ही रहती है। ऐसे में टमाटर का प्रयोग अधिक होता है। गत एक सप्ताह से टमाटर की दरों में फिर से वृद्धि होती जा रही है। इसी प्रकार अन्य सब्जियों का भी यही हाल है। टमाटर 2-3 दिन पूर्व 80 रुपए तक बिक रहा था, वह अब 50 से 70 रुपए प्रतिकिलो तक बिक रहा है। अन्य सब्जियों पर भी असर पड़ रहा है। गृहणियां सब्जियों की बढ़ती कीमत से परेशान हैं। उनका कहना है कि गली-मौहल्लों में रेहडियों पर सब्जी की बिक्री करने वाले लोग अपनी मनमानी कर रहे हैं और उनके द्वारा बताई गई दरों पर ही सब्जी खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है। विभिन्न प्रदेशों में हुई बारिश से टमाटर व सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है, जिससे मंडी में आवक कम हो रही हैं। इसलिए टमाटर के दामों में वृद्धि हुई है। उनका कहना है कि महाराष्ट्र जो टमाटर आपूर्ति का प्रमुख राज्य है, वहां पर भी थोक कीमतें गत माह की तुलना में काफी बढ़ गई हैं। देश की राजधानी दिल्ली की आजादपुर सब्जी मंडी एशिया की सबसे बड़ी सब्जी मंडी है। इस सब्जी मंडी से ही आस-पास के क्षेत्रों यानि कि एनसीआर में टमाटर व अन्य सब्जियों की आपूर्ति होती है। टमाटर की बढ़ती कीमतों से हर कोई परेशान है। आढ़तियों का कहना है कि अब आने वाले समय में भी टमाटर लाल होता ही दिखाई देने की संभावना है।
टमाटर व सब्जियों के दामों में हुई वृद्धि से परेशान हैं गृहणियां

