NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

मजदूर नेता कुलदीप जांघू का आकस्मिक निधन, श्रमिक संगठनों ने दी श्रद्धांजलि

गुरुग्राम। उद्योग विहार स्थित मारुति सुजूकी कामगार यूनियन के पूर्व महासचिव व वरिष्ठ श्रमिक नेता कुलदीप जांघू का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे औद्योगिक क्षेत्र सहित श्रमिक संगठनों में गहरे शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव दौलताबाद स्थित मोक्ष धाम परिसर में किया गया। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में विभिन्न ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारियों, श्रमिकों, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रमिक संगठन एटक के राज्य महासचिव अनिल पंवार का कहना है कि कुलदीप जांघू एक कर्तव्यनिष्ठ, मिलनसार और संघर्षशील नेता थे। उन्होंने मजदूर आंदोलनों में हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर अहम भूमिका निभाई। ट्रेड यूनियन काउंसिल (टीयूसी) के सक्रिय सदस्य के रूप में उन्होंने सदैव श्रमिकों के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की। उनके कार्यों, विचारों और अनुकरणीय नेतृत्व ने संगठन को एक नई दिशा प्रदान की, जिसकी बदौलत वे सभी के चहेते बने रहे।  यह न केवल उनके परिवार और संगठन के लिए, अपितु पूरे मजदूर आंदोलन के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना नामुमकिन है। श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में श्रमिक नेता अशोक यादव, श्रवण कुमार गुप्ता, नरेश प्रधान, राजेश कुमार, पवन कुमार, नरेश, सतीश धानिया, अशोक कुमार, प्रवीण जांगड़ा, सुरेन्द्र जांगड़ा, रोहतास, हरीश कुमार, मनोज कुमार, दौलत राम, पवन कुमार, राजेश शर्मा, प्रकाश, जसबीर, अतुल कुमार, राजपाल आदि शामिल रहे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।