NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

ब्रह्माकुमारीज व आयुष मंत्रालय ने लाल किला मैदान में साधकों को कराया योगाभ्यास

गुरुग्राम। धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज व केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा संयुक्त रुप से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश की राजधानी दिल्ली स्थित लाल किला मैदान परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 20 हजार से अधिक लोगों ने शामिल होकर योग साधना की और एक स्वस्थ, तनाव मुक्त एवं आध्यात्मिक जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया। मंच से 108 ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा सभी को योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा सहित लोकसभा सांसद प्रवीण खंडेलवाल, अब्दुल कयूम, राजयोगिनी शुक्ला दीदी, राजयोगिनी चक्रधारी दीदी एवं लेना बॉडवेइन आदि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि योग हमें आत्मा की यात्रा का गहन बोध कराता है और शांति के मूल मंत्र से स्वयं की पहचान कराता है। ब्रह्माकुमारी संस्था के साथ उनका दशकों पुराना आत्मीय संबंध है। उन्होंने कहा कि सकारात्मकता को अपने जीवन में अपनाएं और नकारात्मकता से दूर ही रहें। नियमित रुप से योगाभ्यास करें, ताकि तनाव से बचा जा सके। राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड, आयुष मंत्रालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. महेश कुमार दाधीच ने कहा कि योग मात्र शारीरिक व्यायाम नहीं, अपितु एक संपूर्ण जीवन शैली है। युक्तियुक्त आहार, उचित व्यवहार, पर्याप्त नींद और कर्म में कुशलता ही एक सच्चे योगी के लक्षण हैं। भारतीय विदेश सेवा के पूर्व राजनयिक डॉ. दीपक वोहरा ने योग को आत्म-सुधार और आंतरिक उन्नति का सबसे सशक्त मार्ग बताया। संस्था की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा, बीके पुष्पा आदि ने ईश्वरीय महावाक्यों से उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। बीके ब्रज भूषण ने योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न मुद्राओं और आसनों का योगाभ्यास कराया। गायक हरीश मोयल, बीके चाँद और बीके हंसी ने योग-गीतों की मधुर प्रस्तुति से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।