गुरुग्राम। भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के गुरुग्राम आगमन पर समस्त सैनी समाज द्वारा ओल्ड रेलवे रोड स्थित कबीर भवन चौक पर गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया गया। बड़ी संख्या में सैनी समाज के लोगों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण और जीव दया का संदेश देते हुए फूल-मालाओं और बुके के स्थान पर एक अनूठी पहल की। समाज के प्रतिनिधियों ने डॉ. अर्चना गुप्ता के नाम से एक गौशाला के लिए दान पर्ची कटवाकर उन्हें भेंट की। सैनी समाज की इस अनूठी और दूरदर्शी पहल की सराहना करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह पहल गौ माता एवं मानवता के प्रति सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। समाज का यह कदम बेहद प्रेरणादायक है। समाजसेवी नीलम सैनी एवं कमलेश सैनी ने कहा कि एक योग्य महिला को हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना राज्य की समस्त महिलाओं के सम्मान, गौरव और सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक है। इससे महिलाओं में एक नई ऊर्जा का संचार होगा। महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के बढ़ते कदमों के प्रति अपना समर्थन जताते हुए सैनी समाज ने डॉ. अर्चना गुप्ता को भारत की प्रथम महिला शिक्षिका एवं महिला शिक्षा की जनक माता सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा भेंट की। समारोह में सैनी समाज की सैनी सुधार समिति, स्वास्तिक फाउंडेशन, युवा विकास समिति, सैनी युवा जागृति मंच, सैनी सभा जैकमपुरा, सैनी सभा झाड़सा व ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज आदि संगठनों सहित प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
