NCRअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

दौलताबाद फ्लाईओवर मार्ग से लाईटें नदारद, रात्रि में पसरा रहता है अंधेरा

गुरुग्राम। दौलताबाद फ्लाईओवर से द्वारका एक्सप्रेसवे मुख्य मार्ग तक का हिस्सा इन दिनों गंभीर अंधेरे की चपेट में है। इस प्रमुख मार्ग पर बिजली के पोल तो जगह-जगह लगे हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइटों के अभाव में शाम ढलते ही पूरा मार्ग घुप अंधेरे में डूब जाता है। स्थानीय निवासियों और महिलाओं ने इस समस्या पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। स्थानीय लोगों मीरा देवी, रूपा पटेल, पुष्पा, डोली, माया, रूमा सिंह, रूपा सिंह राजपूत, गायक किरन कश्यप, डोली शर्मा, रश्मी, मानिका, श्वेता और रूबी देवी आदि ने कहा कि इस मार्ग पर कुल 27 लाइटों के लिए बिजली के पोल खड़े किए गए हैं, लेकिन उन पर केवल 3 लाईट हैंैं, जबकि अधिकांश पोलों पर केवल पाइप लगे हैं और लाइटें पूरी तरह नदारद हैं। आलम यह है कि यह स्थिति पिछले एक साल से बनी हुई है, लेकिन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। शाम और रात के समय इस मार्ग से बड़ी संख्या में उन महिलाओं का आना-जाना होता है जो इस एरिया में काम करती हैं या बाजार आती-जाती हैं। अंधेरा होने के कारण असामाजिक तत्वों का डर बना रहता है। उन्होंने कहा कि ठीक एक महीने बाद आने वाले महापर्व छठ पूजा’ के दौरान रात व भोर के समय इसी मार्ग से बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों व अन्य श्रद्धालुओं का आना-जाना होगा। ऐसे में सिर पर छठ पूजा की टोकरी या सूपली लेकर इस अंधेरे रास्ते से गुजरना बेहद कठिन और जोखिम भरा होगा। क्षेत्रवासियों ने प्रशासनिक व बिजली विभाग से मांग की है कि इस पूरे मार्ग का निरीक्षण किया जाए। जहां लाइटें खराब हैं उन्हें दुरुस्त किया जाए और जहां जरूरत है, वहां नए पोल व लाइटें तुरंत लगाई जाएं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ, तो सोमवार को इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों को औपचारिक शिकायत सौंपी जाएगी।