गुरुग्राम। सैक्टर 10 क्षेत्र में पिछले करीब 2 माह से नियमित सफाई न होने के कारण क्षेत्र की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है और मुख्य सडक़ों के किनारे गंदगी और मिट्टी जमा हो गई हैं। स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के समाजसेवी सुरेंद्र प्रधान ने कहा कि मानसून का मौसम बेहद करीब है। यदि समय रहते इस गंदगी और मिट्टी को नहीं हटाया गया, तो बारिश के दिनों में यह पूरी गंदगी बहकर ड्रेनेज सिस्टम व नालों में चली जाएगी। इससे क्षेत्र का पूरा ड्रेनेज सिस्टम व नाले पूरी तरह ब्लॉक हो सकते है, जिससे सडक़ों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो जाएगी। सुरेंद्र प्रधान ने नगर निगम आयुक्त से जनहित में इस मामले पर तुरंत संज्ञान लेने का आग्रह किया है। उन्होंने मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए और मानसून की पहली बारिश से पहले पूरे सैक्टर की सडक़ों और नालों की विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को जलभराव और गंदगी से राहत मिल सके।
सैक्टर 10 क्षेत्र में 2 माह से सफाई व्यवस्था ठप्प, सैक्टरवासी परेशान

